देहरादून। राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री पद के प्रत्याशी डॉ० अंकित जोशी ने विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के स्थानांतरण हेतु जारी की गई रिक्तियों की सूची पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि उपलब्ध सूची में अनेक विद्यालयों की वास्तविक रिक्तियां प्रदर्शित नहीं की गई हैं। ऐसी स्थिति में स्थानांतरण प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न होती है।
डॉ० जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यालय शिक्षा विभाग का समेकित पोर्टल तथा विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से सभी विद्यालयों का अद्यतन डाटा विभाग के पास उपलब्ध है। ऐसे में यह अपेक्षित है कि स्थानांतरण प्रक्रिया प्रारंभ करने से पूर्व प्रत्येक विद्यालय की नवीनतम एवं सत्यापित रिक्तियों का संकलन कर संशोधित सूची सार्वजनिक की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि वास्तविक रिक्तियां सूची में सम्मिलित नहीं होंगी तो अनेक शिक्षक उपलब्ध पदों पर स्थानांतरण के अवसर से वंचित रह जाएंगे, जिससे अनावश्यक असंतोष एवं विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। पारदर्शी प्रशासन की मूल भावना यही है कि प्रत्येक पात्र शिक्षक को उपलब्ध सभी रिक्तियों की समान जानकारी प्राप्त हो तथा उसे निष्पक्ष अवसर मिले।
डॉ० जोशी ने मांग की कि विभाग सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों से अद्यतन रिक्तियों का सत्यापन कराकर संशोधित एवं पूर्ण रिक्ति सूची यथाशीघ्र जारी करे। साथ ही यदि स्थानांतरण प्रक्रिया के दौरान नई रिक्तियां उत्पन्न होती हैं अथवा पूर्व में छूटी हुई रिक्तियां प्रकाश में आती हैं, तो उन्हें भी समयबद्ध रूप से सूची में सम्मिलित किया जाए।
उन्होंने कहा कि पूर्ण, सत्यापित एवं अद्यतन रिक्तियों का प्रकाशन ही पारदर्शी, न्यायपूर्ण और विश्वासपूर्ण स्थानांतरण व्यवस्था की आधारशिला है। विभाग यदि इस दिशा में आवश्यक सुधार करता है तो इससे शिक्षकों का विश्वास सुदृढ़ होगा तथा स्थानांतरण प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष एवं विवादरहित बन सकेगी।



