उत्तराखंड न्यायिक सेवा में बड़ा फेरबदल: हरीश कुमार गोयल बने देहरादून के नए जिला जज, अधिसूचना जारी
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार से जुड़ी अधिसूचना जारी की है।
इसके तहत पौड़ी गढ़वाल के परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हरिश कुमार गोयल को देहरादून का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। यह पद खाली था और उनका तबादला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इसके अलावा नैनीताल के प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार को एनडीपीएस विशेष न्यायालय, नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं देहरादून की एफटीसी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुसुम को विशेष पॉक्सो न्यायालय, देहरादून का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है।
इसी तरह देहरादून के तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक श्रीवास्तव को विशेष न्यायालय-2 (एनडीपीएस), देहरादून का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं ऊधमसिंह नगर की एफटीसी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनीता गुंजियाल को विशेष पॉक्सो न्यायालय, ऊधमसिंह नगर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।



