खनन के खेल पर हाईकोर्ट की चोट: FIR कराने वाले अधिकारी के सस्पेंशन और पूरे स्टाफ के ट्रांसफर का आदेश

देहरादून/विकासनगर से बड़ी खबर
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने अवैध खनन के एक मामले में सख्त रुख अपनाते हुए विकासनगर कोतवाली के पूरे स्टाफ के तबादले के आदेश दिए हैं। साथ ही केस दर्ज करने वाले अधिकारी को सस्पेंड करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
यह मामला वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल से जुड़ा है, जो विकासनगर क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गए थे। खनन कारोबारी मनीष चौहान की शिकायत पर रात 12:15 बजे उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया था।
इस पर सुनवाई करते हुए उत्तराखंड हाईकोर्ट के जस्टिस राकेश थपलियाल की एकल पीठ ने कड़ी नाराजगी जताई। कोर्ट ने पुलिस महानिदेशक और एसएसपी देहरादून को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही विकासनगर के एसएचओ से भी इस पूरे मामले में स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
सुनवाई के दौरान अदालत ने तीखी टिप्पणी करते हुए पूछा — “यहां आखिर हो क्या रहा है? आप अपने ही अधिकारी की सुरक्षा नहीं कर पा रहे हैं।”
इस फैसले के बाद देहरादून-हरिद्वार क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।



