UTTARAKHAND

पिथौरागढ़-नेपाल सीमा पर भीषण हादसा: बारात की बस 150 मीटर गहरी खाई में गिरी, 13 की मौत

उत्तराखण्ड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ की सीमा पर स्थित झूलाघाट से लगे नेपाल के बैतडी जिले से एक बेहद हृदयविदारक एवं भयावह सड़क हादसे की दुखद खबर सामने आ रही है जहां गुरुवार रात बैतडी से बजांग जा रही एक बारात की बस पुरचूंणी नगरपालिका क्षेत्र में अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे ने जहां शादी की खुशियों को पलभर में गहरे शोक में बदल दिया वहीं मृतकों के परिवारों में भी कोहराम मच गया।

अभी तक मिल रही जानकारी के अनुसार बस संख्या सु.प.प्र. 02001 ख 1119 पुरचूंणी के भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा गांव जा रही थी। रात के समय जैसे ही बस बड़गांव मोड़ पर पहुंची, तीखी चढ़ाई और मोड़ के बीच चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। देखते ही देखते बस सड़क से फिसलकर खाई में समा गई।

हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। दुर्घटना की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता, प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार, छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों ने डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा, जबकि दो अन्य की मौत कोटिला अस्पताल में उपचार के दौरान हुई।

हादसे में घायल 25 लोगों को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनगढी रेफर किया गया। अस्पतालों में घायलों के परिजन और परिचितों की भीड़ जुटी हुई है। कई परिवारों के लिए यह हादसा ऐसा जख्म बन गया है, जिसकी भरपाई शायद कभी न हो सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस में क्षमता से अधिक सवारियां थीं और चढ़ाई के दौरान संतुलन बिगड़ने से वाहन अनियंत्रित हुआ। पुलिस ने बस चालक वीरेंद्र बुढा को हिरासत में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। बस में हंसी-खुशी सवार बारातियों का यूं खामोश खाई में समा जाना, सिर्फ नेपाल ही नहीं, सीमावर्ती भारतीय क्षेत्रों के लोगों को भी भीतर तक झकझोर गया है। खुशियों का यह सफर जिन परिवारों के लिए मातम में बदल गया, उनकी पीड़ा शब्दों से कहीं अधिक गहरी है।

मृतकों की पहचान:-

केशव राज जोशी (40)

अशोक राज जोशी (13)

बसंत राज जोशी

बिष्णु दत्त जोशी (41)

नरेश राज जोशी (42)

बिशन दत्त जोशी (17)

दीपक जोशी (28)

किशन जोशी (46)

(ये सभी बजांग बित्थड चीर गांव पालिका 7 निवासी)

मोहन देव भट्ट (60),

बजांग केदारस्यु गांव पालिका निवासी.

केशव भट्ट (27),

बजांग केदारस्यु गांव पालिका निवासी

बसंत राज रतला (40),

निवासी बजांग जय पृथ्वी नगर पालिका 7.

पुष्पा अवस्थी (40)

निवासी बैतडी पुरचूणीं नगरपालिका 7.

सुशील जोशी,

बैतडी पुरचूणीं नगरपालिका 7 निवासी

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »