विभिन्न स्थलों एवं नदी क्षेत्रों में वृहद स्तर पर पौधारोपण के लिए वन विभाग को 55 लाख की धनराशि मंजूर
देवभूमि मीडिया ब्यूरो
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने हरेला पर्व पर प्रदेश स्तर पर व्यापक रूप से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न स्थलों एवं नदी क्षेत्रों में वृहद स्तर पर पौधारोपण के लिए वन विभाग को 55 लाख की धनराशि उपलब्ध कराने की स्वीकृति मुख्यमंत्री ने दी है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि पूर्व में कोसी तथा रिस्पना को पुनर्जीवित करने के लिए किए गए पौधारोपण का लाभ जमीन पर दिखने लगा है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ ही जल स्रोतों के संवर्द्धन एवं संरक्षण में भी मददगार रहता है।
उन्होंने वन विभाग को वृहद पौधारोपण की कार्ययोजना बनाने तथा सभी संबंधित विभागों से समन्वय कर इसमें भागीदारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति एवं पर्यावरण से जुड़ा हरेला पर्व हमारी सांस्कृतिक परम्परा का भी प्रतीक है। सभी को आने वाले हरेला पर्व के महत्व को समझना होगा, अधिक से अधिक पौधारोपण से ही हम इस पर्व को यादगार बना सकते हैं।