देहरादून: दून के रायपुर क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं मृतक के परिजनों ने इसे हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय एक कमरे या ऑफिस में कई युवक मौजूद थे। इस दौरान कहासुनी के बाद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद मौके से सबूत मिटाने की कोशिश की गई। उन्होंने खून के निशान साफ करने और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व तारों के साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने संबंधित अनस कंस्ट्रक्शन परिसर को सील करने की भी मांग की है।
परिवार का आरोप है कि मृतक पर धारदार हथियार से हमला किया गया और उसके हाथ पर गंभीर चोट के निशान हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है और पुलिस जांच जारी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि युवक की मौत हत्या का मामला है या फिर यह कोई हादसा? इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।



