देहरादून। उत्तराखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम बिगड़ा रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 11 से 15 जुलाई तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए जिला स्तरीय मौसम चेतावनी जारी की है। इस दौरान देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, पिथौरागढ़, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत, उत्तरकाशी, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।



