UTTARAKHAND

हरियाणा : नूंह में मेघालय पुलिस पर हमला: एटीएम लूट के आरोपी राहुल खान को छुड़ाने की कोशिश, जवाबी फायरिंग में युवक घायल

हरियाणा के नूंह जिला में पुलिस टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब मेघालय पुलिस एटीएम लूट के एक आरोपित राहुल खान को गिरफ्तार कर अपने साथ ले जा रही थी। उसी वक्त रास्ते में भीड़ ने पुलिस वाहन को घेरकर हमला कर दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार पूरा मामला नूंह जिले के वाजीदपुर गाँव का है। 10 मार्च को मेघालय पुलिस ने एटीएम लूट के मामले में आरोपित राहुल खान को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहाँ से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस उसे अपने साथ मेघालय ले जाने लगी।

इसी दौरान जब पुलिस की गाड़ी सिकरावा गाँव के पास पहुँची तो वहाँ पहले से मौजूद भीड़ ने वाहन को घेर लिया। भीड़ ने गाड़ी को रोकने और पलटने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की कोशिश की गई और उन पर पथराव भी किया गया।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। फायरिंग के दौरान तारीफ नाम का एक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद पिनंगवा थाना पुलिस ने इस मामले में 12 नामजद लोगों समेत अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, हमला और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें भी गठित की गई हैं। बताया जा रहा है कि आरोपित राहुल खान पर कई राज्यों में एटीएम लूट और संगठित अपराध से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की गहन जाँच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button
Translate »